हरदोई। कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कहलैया मजरा खजोहना में शादी से 12 दिन पहले मंगलवार दोपहर युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव घर मेें कमरे के अंदर दुपट्टे के फंदे से लटकता मिला।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कहलैया मजरा खजोहना निवासी शिवदयाल खेती करता है। उसके परिवार में पत्नी, तीन बेटी व एक बेटा है। दूसरे नंबर की बेटी गायत्री (21) की शादी शमशेरनगर गांव निवासी युवक के साथ तय हो चुकी थी। सभी रस्में पूरी हो गईं थीं। शिवदयाल ने बताया कि 16 फरवरी को गायत्री की बरात आने वाली थी।
मंगलवार सुबह शिवदयाल पत्नी के साथ रेसों स्थित बैंक से रुपये निकालने गया था। छोटी बेटी सावित्री स्कूल गई थी, जबकि गायत्री घर में अकेली थी। इसी दौरान दोपहर में गायत्री ने कमरे में दुपट्टे के फंदे से फांसी लगाकर जान दे दी। स्कूल से लौटी छोटी बहन सावित्री ने शव लटकता देखा तो शोर मचाया। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी शिवदयाल को दी। कोतवाल राय सिंह ने बताया कि परिजनों ने आरोप से इनकार किया है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।