कछौना। गौसगंज-कछौना मार्ग पर एक झोलाछाप के यहां शनिवार शाम इलाज के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। आठ लाख रुपये मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया।
कोतवाली क्षेत्र के बबुरहा गांव निवासी पुतान लुधियाना में मजदूरी करते हैं। उनकी पत्नी वंदना (30) भी उनके साथ रहती थीं। पुतान के मुताबिक, वह लुधियाना से ट्रेन से पत्नी के साथ गांव आ रहा था। इस दौरान शनिवार की शाम अचानक वंदना की तबीयत बिगड़ गई। बालामऊ जंंक्शन पर उतर कर उन्होंने वंदना को गौसगंज-कछौना मार्ग पर एक छोलाछाप के क्लीनिक पर भर्ती करा दिया। यहां कुछ देर बाद वंदना की मौत हो गई।
पुतान के मुताबिक, चिकित्सक ने जांचे कराईं ओर एक हजार रुपये की दवाइयां मेडिकल स्टोर से मंगवाईं। आरोप लगाया कि चिकित्सक की जगह नर्सिंग स्टाफ इलाज करता रहा। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए। मृतका के परिवार में पति, एक पुत्र और एक पुत्री है। कोतवाल प्रेम सागर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पीड़ित की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।