कछौना। कछौना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कस्बे में गाजू मार्ग पर स्थित एक अस्पताल में महिला की उपचार के दौरान मौत हाे गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के तेरवा गांव निवासी राजेश ने बताया कि उसकी पत्नी शिवप्यारी (50) के हाथ में फोड़ा था। राजेश के मुताबिक दो दिन पहले उसने इसका ऑपरेशन गाजूरोड स्थित गोल्डन हॉस्पिटल में कराया था। शुक्रवार रात लगभग नौ बजे शिवप्यारी की मौत हो गई। परिजनों ने उपचार में लापरवाही किए जाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अस्पताल संचालक डाॅ. सूबेदार राना ने बताया कि मरीज को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था। हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी गई थी, लेकिन परिजन नहीं ले गए। कछौना कोतवाल राकेश यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।