हरदोई। तिलक समारोह की दावत से वापस आकर महिला की हालत बिगड़ गई। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के हरिहरापुर निवासी सावित्री (28) की शादी रेलाखेड़ा निवासी अमरपाल के साथ हुई थी। अमर पाल अब्दुल्लानगर के पास स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है। वहीं डेरा डालकर पत्नी सावित्री और चार बच्चों के साथ रहता है।
बृहस्पतिवार को दत्योनापुर गांव में एक तिलक समारोह था। अमरपाल अपने पूरे परिवार के साथ समारोह में गया था। दावत खाने के बाद सावित्री वहां से अकेले ही अपने डेरे पर चली आई। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई। इसका पता चलने पर पति अमर पाल उसे लेकर जिला अस्पताल आया और भर्ती करा दिया। यहां उपचार के दौरान मौत हो गई।
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि जहरीला पदार्थ खाए जाने की आशंका में सावित्री का उपचार किया गया था। इसलिए पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है। (संवाद)