मल्लावां (हरदोई)। शादी से एक दिन पहले वर पक्ष ने दहेज में कार की मांग कर दी। आरोप है कि वधू पक्ष के असमर्थता जताने पर बरात नहीं आई। शादी के लिए लड़की वालों की ओर से की गईं तैयारियां बेकार हो गईं। इस मामले में लड़की पक्ष ने पुलिस से शिकायत भी की गई है।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के तेरवा कुल्ली के मजरा देवीपुरवा निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि उन्होंने पुत्री सोनी देवी की शादी सांडी कस्बे के मोहल्ला नवाबगंज निवासी एक युवक से तय की थी। शादी तय होने के बाद उन्होंने वरीक्षा और तिलक भी चढ़ाया था। बृहस्पतिवार को बरात आनी थी। बरात की तैयारियां चल रही थीं।
लड़की के पिता का आरोप है कि बुधवार को युवक के पिता ने दहेज में कार की मांग कर दी। कार न देने पर बरात न लाने की धमकी दी। सुरेश ने पूरी घटना को लेकर तहरीर मल्लावां कोतवाली में दी है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र ने बताया कि अब तक घटना संज्ञान में नहीं थी। अब पता चला है तो कार्रवाई की जाएगी।