हरदोई। जिला महिला अस्पताल में डॉक्टरों की लापरवाही जानलेवा साबित हो रही है। शुक्रवार को देर शाम प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगा कर हंगामा काटना शुरू कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाकर शांत कराया। परिजन शव लेकर चले गए। टड़ियावां क्षेत्र के ग्राम हरिहरपुर निवासी प्रगति ( 23) गर्भवती थी। शुक्रवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने उसे महिला अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां पर प्रसव के बाद प्रगति की तबीयत बिगड़ गई। आरोप है कि कई बार डॉक्टरों को सूचना दी, पर डॉक्टरों ने देखना मुनासिब नहीं समझा। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा काटना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। सीएमएस डॉ. अमिताभ श्रीवास्तव ने बताया कि घटना संज्ञान में है। जानकारी करने के बाद करवाई की जाएगी।