अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई । देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खिरौली में महिला की मौत हार्टअटैक से हुई थी। पोस्टमार्टम में इसकी पुष्टि हो गई है। पुलिस की पिटाई से मौत होने के आरोप के कारण पोस्टमार्टम पैनल से कराया गया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खिरौली निवासी राजरानी (60)पत्नी राजाराम की बुधवार दोपहर बाद मौत हो गई थी। उसकी मौत से कुछ देर पहले पुलिस ने उसके घर पर शराब बनने की सूचना पर छापा डाला था। ग्रामीणों ने पुलिस की पिटाई से मौत होने का आरोप लगाया था। एसपी अनुराग वत्स ने शव का पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए थे। गुरुवार को डॉ. एसके श्रीवास्तव और डॉ. एसएस चौधरी के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम में हार्टअटैक से मौत होने की पुष्टि हुई है। शरीर पर चोट के भी कोई निशान नहीं मिले हैं।
खेत में पड़ा मिला किसान का शव
अमर उजाला ब्यूरो
हरदोर्ई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिजगवां में किसान का शव खेत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम बिजगवां निवासी सुरेंद्र (50) पुत्र कुबेर खेती करता था। बुधवार की शाम वह खेत में जाने की बात कहकर निकला था। गुरुवार को दिन में लगभग 11 बजे परिजन उसे देखने गए, तो उसका शव पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अविवाहित था। तीन भाईयों में दूसरे नंबर का था। परिजनों के मुताबिक शराब पीने का भी आदी थी। कोई आरोप परिजनों ने नहीं लगाया है।