सपा के राष्ट्रीय महासचिव सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा
कि पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए उन्होंने सांसद निधि से दो करोड़
रुपये की धनराशि आवंटित की है। इसमें नगर में पचास व क्षेत्र में सात सौ
हैंडपंप जलनिगम द्वारा लगवाए जाएंगे।
उन्होंने जिले के अधिकारियों को
निर्देश दिए कि संभावित सूखे को देखते हुए दहर झील समेत सभी झीलों और
तालाबों को तत्काल भरवाएं। कहा कि इस काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की
जाएगी। वैटगंज स्थित आवास पर रविवार को सांसद ने पार्टी कार्यकर्ताओें और
जनता की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान अमर
उजाला से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार से शहर की
खस्ताहाल गलियों को बनवाने के लिए इंटरलाकिंग ब्रिक के लिए शासन से पांच
करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर कराई है। इस संबंध मेें पालिकाध्यक्ष को भी
निर्देश दिए हैं कि वह बजट आते ही काम शुरू कराएं।
उन्होंने सूखी पड़ी दहर
झील, सधई बेहटा झील, नयागांव झील, पेंग झील समेत तालाबों को भरवाने को डीएम
रमेश मिश्र को निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि गत वर्ष सूखा
पड़ने और इस वर्ष कम बारिश की संभावना के मद्देनजर तालाबों का भरवाना जरूरी
है।
शहर के खराब हैंडपंपों के सवाल पर कहा कि इस संबंध में उन्होंने खराब
हैंडपंपों को रिबोर कराने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर पूर्व जिला
पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन उमेश अग्रवाल, ब्लाक प्रमुख
सुरसा संजय मिश्रा, कोआपरेटिव बैंक के चेयरमैन रामप्रकाश शुक्ला आदि मौजूद थे।