हरदोई। छोटी-छोटी बचत और काम की लगन से चार साल में रागिनी देवी लखपति दीदी बन गईं। रागिनी के लखपति दीदी के बनने पर नीति आयोग ने 78वें स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के लाल किले पर होने वाले समारोह में रागिनी के साथ ही उनके पति मोतीलाल को भी विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है।
विकास खंड संडीला को भारत सरकार ने आकांक्षात्मक ब्लॉक में चयनित किया है। आकांक्षात्मक ब्लॉक में पात्रों को लाभान्वित कराकर स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। संडीला के ही मीरनगर अजिगवां गांव में 11 महिलाओं ने साल 2020 में अमर आजीविका स्वयं सहायता समूह का गठन किया। इसमें मीना देवी को अध्यक्ष, पार्वती को सचिव, रागिनी देवी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। रागिनी देवी के पति मोतीलाल गांव में ही खेती करते हैं।
रागिनी देवी ने बताया कि छोटी बचत से समूह खड़ा किया। राष्ट्रीय आजीविका मिशन से आर्थिक मजबूती मिली और समूह की महिलाओं ने पशुपालन व डेयरी का काम शुरु किया। इससे लाभ हुआ। इसके बाद साल 2022 में उन्होंने बैंक सखी और प्रांशी मौर्या ने बीसी सखी के रुप में काम करना शुरु किया। बैंक सखी के तौर पर 2,500 रुपये मासिक आमदनी भी हो जाती है। बताया कि समूह के खाते में वर्तमान में 8-10 लाख रुपये भी हैं।
आकांक्षात्मक ब्लॉक संडीला से दंपती का 78वें स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के लाल किले के कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूदगी जिले के लिए गौरव के पल होंगे। रागिनी और उनके पति 12 अगस्त को नई दिल्ली पहुंचेंगे। 15 अगस्त तक नीति आयोग की ओर से सभी व्यवस्थाएं कराई जाएंगी। प्रधानमंत्री के साथ अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होने का मौका मिलेगा। -
सौम्या गुरूरानी, सीडीओ
हरदोई। अमर आजीविका स्वयं सहायता समूह की कोषाध्यक्ष लखपति दीदी रागिनी देवी व इनके पति मोतीलाल सोमवार को लखनऊ एयरपोर्ट से इंडिगो एयरलाइन से नई दिल्ली जाएंगी। दंपती के नई दिल्ली जाने के लिए हवाई टिकट बुक करा दिए गए हैं। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. रामप्रकाश ने बताया कि आकांक्षात्मक ब्लॉक में काम देख रहीं सीएम फेलोशिप किरन कुमारी ने टिकट बुक कराने और कार्यक्रम में प्रतिभाग की सभी औपचारिकता पूरी करा ली है। रविवार को हवाई यात्रा के टिकट यहां दंपती को प्राप्त करा दिए गए हैं।