हरदोई। पुलिस अधीक्षक ने शनिवार रात पुलिस लाइन सभागार में अपराध समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान उन्होंने कानून और शांति व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, निरोधात्मक कार्रवाई, लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। पिछले लगभग 25 दिनों में 17 पुलिस कर्मियों पर एफआईआर और निलंबन जैसी कार्रवाई के बाद शनिवार रात उन्होंने बेहतरीन कार्य करने वाले 44 पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया। कनिष्क मेहरोत्रा हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम का उन्होंने विशेष उत्साहवर्धन किया।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर त्योहार रजिस्टर का अवलोकन किया। त्योहार रजिस्टरों में और सुधार करने के निर्देश देते हुए एक प्रारूप भी उन्होंने दिया। अब इसी प्रारूप के आधार पर त्योहार रजिस्टर में ब्योरा दर्ज किया जाएगा। इसमें हर त्योहार की बारीक सूचना तक दर्ज होगी। मसलन ताजियों की ऊंचाई, गणेश और दुर्गा प्रतिमाओं की ऊंचाई और चौड़ाई, आयोजन को लेकर भी विविध जानकारियां रहेंगी। एसपी ने कहा कि सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी निष्ठा और ईमानदारी के साथ मेहनत से काम करें।
उन्होंने जनसुनवाई के दौरान मिली शिकायतों के निस्तारण की स्थिति भी थानेवार देखी। अपराध समीक्षा बैठक में एसओजी के प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार मिश्रा, दीवान रामकृष्ण द्विवेदी, सर्विलांस के उपनिरीक्षक संतोष सिंह, सिपाही ओमवीर सिंह, मंजेश कुमार, ब्रजनंदन, बीरन यादव, त्रिवेश, आनंद कुमार और दिवाकर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अधिवक्ता हत्याकांड के खुलासे में इस टीम का बड़ा योगदान रहा। साथ ही तत्कालीन शहर कोतवाल संजय पांडेय, जेल चौकी प्रभारी मार्कंडेय सिंह, सदर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र गिरि और दीवान सुशील पटेल को भी सम्मानित किया गया।
घंटा चोरी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए भी शहर कोतवाली पुलिस की तत्कालीन टीम को सम्मानित किया गया। सांडी थाने में 29 जुलाई को किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या का खुलासा करने के लिए थानाध्यक्ष छोटेलाल, उपनिरीक्षक सूर्य मणि, सिपाही रामानंद गौर और बिलग्राम कोतवाली के दीवान राजनेत को सम्मानित किया गया।
मझिला थाना क्षेत्र में 10 साल के बच्चे की हत्या का खुलासा करने के लिए प्रभारी निरीक्षक प्रियंवद मिश्रा और उनकी टीम को सम्मानित किया गया। आईजीआरएस सेल के सिपाही मुजम्मिल और महिला हेल्प डेस्क पर शाहाबाद में तैनात सिपाही मोनिका शर्मा को सम्मानित किया गया। मॉनीटरिंग सेल के विद्या सागर पाल और उनकी टीम को प्रशस्ति पत्र दिया गया। देहात कोतवाली क्षेत्र में कांवड़िये के साथ हुई लूट का खुलासा करने के लिए उपनिरीक्षक पुष्कर वर्मा और उनकी टीम को सम्मानित किया गया।