सांडी। नहाते समय पानी कम पड़ जाने पर बहू ने सबमर्सिबल पंप चलाने के लिए स्विच दबाया। गीले होने के कारण बहू को करंट लग गया। उसकी बेटी ने तड़पते देखा तो बाबा को बुला लाई। ससुर ने तड़प रही बहू को छुड़ाने की कोशिश की तो उन्हें भी करंट लग गया। दोनों की मौत हो गई। घटना लोनार कोतवाली क्षेत्र के मलवा अखबेलपुर गांव में शनिवार सुबह हुई।
मलवा अखबेलपुर निवासी महेंद्र सिंह (68) खेती करते थे। उनके तीन पुत्रों में दो सूर्य प्रताप और भानु प्रताप परिवार समेत पानीपत में रहते हैं। सबसे छोटा बेटा मोनू सिंह, उसकी पत्नी मोनी सिंह (30) और इनकी बेटी खुशी गांव में महेंद्र के साथ रहते हैं। मोनू के मुताबिक मंगलवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे मोनी नहा रही थी। इसी दौरान पानी कम पड़ गया तो उसने सबमर्सिबल पंप का स्विच खोल दिया। इसी दौरान उसे करंट लग गया और वह मौके पर ही तड़पने लगी। यह देखकर उसकी बेटी खुशी दौड़कर मकान के बाहर बैठे महेंद्र सिंह के पास गई। महेंद्र को पता चला तो वह अंदर आए और बहू को करंट से छुड़ाने की कोशिश करने लगे। इससे उन्हें भी करंट लग गया।
इसी बीच खुशी का शोर सुनकर पड़ोसी व कुछ अन्य लोग आ गए। बिजली आपूर्ति बंद की गई। महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर हालत में मोनी को मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां उसे भी मृत घोषित कर दिया गया। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। घटना की जानकारी पर एसडीएम बिलग्राम एनराम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।