शाहाबाद। डीएम विवेक वार्ष्णेय ने शनिवार को गेहूं खरीद केंद्रों का निरीक्षण कर हकीकत परखी। अनुपस्थित मिलने पर एफएफसी गेहूं क्रय केंद्र प्रभारी शाहाबाद व पीसीएफ केंद्र प्रभारी टोडरपुर को निलंबित कर दिया। शाहाबाद में एफएफसी केंद्र पर सेंटर प्रभारी समेत सभी लोग अनुपस्थित थे। मौके पर तौल मशीन भी नहीं थी। इस केंद्र पर गेहूं की अभी तक खरीद नहीं की गई है।
डीएम ने केंद्र प्रभारी अरुण कुमार को निलंबित कर दिया। पीसीएफ क्रय केंद्र पर बारदाना व पांच लाख की धनराशि होने के बावजूद अब तौल शुरू करने की बात कही जा रही है। अभी तक मार्केटिंग विभाग की ओर से करीब 25 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। डीएम ने केंद्र प्रभारियों को खरीद कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद टोडरपुर गेहूं केंद्र के भी हालात खराब नजर आने पर प्रभारी सर्वेश दीक्षित को डीएम ने निलंबित कर दिया।
इस संबंध में एसएमआई केके पाठक ने बताया कि खुला बाजार व क्रय केंद्रों पर मामूली अंतर होने की वजह से किसान व्यापारियों के माध्यम से अपना गेहूं बेच रहे हैं। डीएम व एसडीएम अशोक शुक्ला को निरीक्षण के दौरान क्रय केंद्रों पर एक भी किसान नजर नहीं आया। मालूम हो कि गत एक अप्रैल से गेहूं खरीद केंद्र स्थापित कर दिए गए थे। लेकिन अभी तक सिर्फ 25 क्विंटल ही गेहूं खरीदा जा सका है।