हरदोई (सांडी)। कस्बे में मुख्य मार्ग पर नाला निर्माण के लिए की गई खोदाई के तीन दिन बाद भी काम न शुरू होने से मार्ग पर जलभराव होने लगा है। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कस्बा में जलनिकासी के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से नाला निर्माण कराया जा रहा है। करीब एक साल से हो रहे नाले का काम पूरा न हो पाने से लोगों को जलभराव की समस्या से छुटकारा नहीं मिल पाया है। नगर पालिका परिषद की ओर से तीन दिन पहले दोबारा से वन विभाग की नर्सरी के पास काम शुरू कराया गया।
जेसीबी मशीन से नाला निर्माण के लिए कराई गई खोदाई से पटरी दुकानदार अपनी दुकानें नहीं लगा पा रहे हैं। दूसरी ओर घरों और सार्वजनिक स्थलों से निकलने वाला पानी भी सड़क पर भरने लगा है।
इससे नाली का पानी सड़क पर भरा है। इससे लोगों को पैदल निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों के अनुसार अधिशासी अधिकारी व चेयरमैन को अवगत कराया गया है। इसके बाद भी जलभराव का निस्तारण नहीं किया गया। अधिशासी अधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि समस्या का निदान निकाला जाएगा।