हरदोई। सदर बाजार की घनी आबादी और बाजार के बीच में लगा नगर पालिका परिषद का वाटर कूलर अभी तक चालू नहीं हो पाया है। इससे यह प्यास बुझाने के लिए शीतल पेयजल की आस में आने वालों को निराश ही कर रहा है। मुन्ने मियां चौराहा के लोगों को शीतल पानी नहीं मिल पा रहा है।
सूरज की तपिश बढ़ने के साथ ही गर्मी भी बढ़ी है। तापमान बढ़ने से लोगों को अब शीतल पानी की जरूरत पड़ने लगी है। शहर में लोगों को सार्वजनिक रूप से शीतल पानी उपलब्ध कराने के लिए सिनेमा चौराहा, नुमाइश चौराहा पर अधिशासी अधिकारी आवास और मुन्ने मियां का चौराहा पर नगर पालिका परिषद की ओर से वाटर कूलर लगवाए गए हैं।
मुन्ने मियां का चौराहा और अधिशासी अधिकारी आवास के वाटर कूलर खराब थे। अधिशासी अधिकारी आवास के वाटर कूलर को तो अधिकारियों-कर्मचारियों ने मरम्मत कराकर चालू करा लिया है।
मुन्ने मियां का चौराहा पर वाटर कूलर अभी चालू नहीं हो पाया है। ऐसे में लोगों का कहना है कि घर का तो, चालू करा लिया है अब चौराहा का भी वाटर कूलर चालू करा दीजिए। इससे लोगों को गर्मियों में प्यास बुझाने के लिए शीतल पानी मिल जाया करेगा और वाटर कूलर की सार्थकता भी सिद्ध होगी।
दोनों वाटर कूलर ठीक कराते हुए चालू कराने के लिए जलकल अनुभाग को कहा गया था। मुन्ने मियां का चौराहा का वाटर कूलर अभी तक चालू नहीं हो पाया है। यह बात संज्ञान में आ गई है, इसे दो दिन के अंदर मरम्मत कराते हुए चालू करा दिया जाएगा।
विनोद कुमार सोलंकी, अधिशासी अधिकारी