हरपालपुर में हरपालपुर ग्राम पंचायत के मजरा गुलौली में स्थित पानी की टंकी तक बिजली पहुंचाने वाला केबल लगभग 15 दिन पहले फुंक चुका है। इससे हरपालपुर कस्बे व गुलौली गांव की जलापूर्ति बाधित है। इन क्षेत्रों के 20 हजार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हैंडपंपों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
हरपालपुर व पास के गुलौली की जलापूर्ति व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए वर्ष 2010 में जल निगम द्वारा ग्राम गुलौली में 5 सौ किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी की स्थापना कराई थी। निर्माण के बाद वर्ष 2016 में जल निगम ने इसे ग्राम पंचायत हरपालपुर को हैंडओवर कर दिया था, तब से इसके संचालन का जिम्मा ग्राम पंचायत संभाल रही है।
टंकी से हरपालपुर व गुलौली गांव के लोगों को कनेक्शन देकर उन्हें जलापूर्ति से जोड़ा गया है। हरपालपुर व गुलौली गांव के लगभग 10 हजार की आबादी लाभांवित होती है। आमजन की सुविधा के लिए हरपालपुर व गुलौली में 20 से अधिक निशुल्क स्टैंड पोस्ट भी बनाए गए हैं। पानी की टंकी में लगे मोटर के संचालन के बिजली का कनेक्शन है, लगभग 15 दिन पहले टंकी तक डाली गई विद्युत लाइन का केबल फुंक गया। तब से इसे नहीं बदलवाया गया, जिससे टंकी से पूरे क्षेत्र की जलापूर्ति बाधित है।
ग्रामीणों का कहना है कि वह कई बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन बिजली विभाग के अधिकारी कोई संज्ञान नहीं ले रहे हैं। ग्राम पंचायत सचिव सोमेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों व पलिया उपकेंद्र के अवर अभियंता वीरेंद्र रावत को पत्र लिखा जा चुका है। जल्द ही केबल ठीक कराकर जलापूर्ति बहाल कराई जाएगी।