मुर्दाघर के बाहर बैठे मृतकों के परिजन।
- फोटो : amarujala
माधौगंज (हरदोई)। कटरा-बिल्हौर हाईवे पर बुधवार देर रात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार टेंट हाउस के मालिक और मजदूर की मौत हो गई। दुकान बंद कर दोनों घर लौट रहे थे। दोनों हेलमेट नहीं लगाए थे। सिर की चोटें ही जानलेवा साबित हुईं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
माधौगंज थाना क्षेत्र के फिरोजपुर के रामनाथ (32) बघौली रोड के पास सूरत पुरवा तिराहे पर टेंट हाउस की दुकान थी। दुकान में गांव का गोविंद (20) मजदूरी करता था। बुधवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर रामनाथ बाइक से घर लौट रहा था। साथ में गोविंद भी था।
कटरा- बिल्हौर हाईवे से फिरोजपुर गांव की तरफ मुड़ते समय माधौगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क पर गिर गए। ट्रक का पहिया रामनाथ के सिर और गोविंद की कमर के ऊपर से निकल गया। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।
बाइक चला रहा रामनाथ हेलमेट नहीं लगाए था। पीछे से आ रहे ग्राम प्रधान श्रवण ने हादसे की सूचना पुलिस और परिजनों को दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और शवों को सड़क से हटवाया। गुरुवार सुबह शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।
रामनाथ चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके एक बेटा व एक बेटी है। गोविंद चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। एसओ माधौगंज जटा शंकर ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।