हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलीपुरवा रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार शाम प्लास्टर करते समय जर्जर दीवार ढह गई। मलबे में दबकर राजमिस्त्री की मौत हो गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दरवेशपुर निवासी पुत्तनलाल (40) राजमिस्त्री था। रविवार शाम वह मंगलीपुरवा रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे की पुरानी चहारदीवारी पर प्लास्टर कर रहा था। इसी दौरान दीवार ढह गई और मलबे में पुत्तन दब गया। साथियों ने मलबा हटाकर उसे बाहर निकाला और गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के चचेरे भाई अशोक ने ठेकेदारों पर जर्जर दीवार में प्लास्टर कराने के कारण हादसा होने का आरोप लगाया है। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर सोमवार को पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।