हरदोई। इस बार मतदाताओं को उतनी परेशानियां नहीं उठानी पड़ी जितनी पिछले चुनावों में हुई थी। अलग-अलग लाइन में लगकर लोगों ने बिना किसी रुकावट के मतदान किया।
रविवार को बूथों पर मतदान के दिन पुरुष व महिला मतदाताओं की अलग-अलग कतारें लगने के निर्देशों को जिले के 3005 बूथों पर बकायदा अमली जामा पहनाया गया।
बूथ के अंदर ईवीएम तक एक पुरुष के बाद दो महिला मतदाताआें को प्रवेश दिया गया। जिसके चलते बूथों पर बहुत अधिक लंबी-लंबी कतारें देखने को नहीं मिली।
मतदाताओं ने बड़ी ही सहूलियत से अपने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
रविवार को मतदान में आला अधिकारियों के साथ-साथ जहां एक ओर सुरक्षा बलों का भारी भरकम लाव-लश्कर चलता दिखाई दिया तो वहीं उनके साथ तीसरी आंखों के रूप में कैमरे भी नजर आए।
बूथों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट से लेकर जोनल मजिस्ट्रेट तक बूथों पर लगातार भ्रमण करते रहे। उनके साथ सुरक्षा कर्मी भी थे।
इसके अलावा उनके साथ लगातार कैमरा लिए एक आदमी भी नजर आया। जो हर गतिविधि को अपने कैमरे में कैद कर रहा था।
जिला प्रशासन की ओर से ढाई सौ के करीब वीडियो व स्टिल कैमरामैन को लगाया गया था।
अधिकारियों की मानें तो स्टेटिक, फ्लाइंग स्क्वायड एवं माइक्रोऑब्जर्वर को भी इस बाबत पहले ही सचेत कर दिया गया था कि कहीं भी कोई घटना हो वह कैमरे में अवश्य होनी चाहिए।
इसको लेकर माइक्रोऑब्जर्वर भी मतदान के दिन बूथों पर सचेत दिखाई दिए।