हरदोई। हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम भदेउरा में रविवार रात संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के पिता की तहरीर पर पति के विरुद्ध दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ग्राम भदेउरा निवासी राहुल गुप्ता का विवाह एक वर्ष पूर्व मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुरगाजी निवासी रामसेवक की पुत्री आकांक्षा (20) के साथ हुआ था। रविवार रात आकांक्षा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति राहुल गुप्ता का कहना है कि आकांक्षा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। लेकिन आकांक्षा के पिता रामसेवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जब वह बेटी के ससुराल पहुंचे तो आकांक्षा का शव घर के आंगन में पड़ा मिला। रामसेवक ने ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर आकांक्षा की हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। हरियावां थानाध्यक्ष अरुणेश गुप्ता ने बताया कि पति के विरुद्ध दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।