बिलग्राम। कोतवाली क्षेत्र में परसोला गांव के पास संदिग्ध हालात में मजदूर का शव सड़क के किनारे पड़ा मिला। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने युवक की हादसे में मौत होने की बात कही है।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम परसोला निवासी रंजीत (38) पुत्र छोटेलाल अविवाहित था। वह पांच भाइयों में बड़ा था। वह मजदूरी कर परिवार के भरण पोषण में मदद करता था। मां नन्ही देवी ने बताया कि शनिवार की शाम रंजीत मजदूरी करके लौटा था। देर शाम गांव निवासी एक युवक उसे अपने साथ ले गया था। कुछ ही देर के बाद ग्रामीणों ने उसे रंजीत की मौत होने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों को रंजीत का शव सड़क के किनारे पड़ा मिला।
परिजनों के मुताबिक, उसकी कोख में गहरा घाव व शरीर पर चोटों के निशान थे। परिजनों ने हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की, लेकिन किसी से रंजिश होने की बात से इंकार किया है। मां की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को रविवार को पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।