हरदोई। नगर पालिका क्षेत्र में दूषित पेयजल की सप्लाई होने से लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। वीआईपी कोयलबाग कालोनी से मिली शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पानी की जांच कराई, जिसमें ओटी टेस्ट फेल पाया गया। जांच रिपोर्ट की एक कापी स्वास्थ्य विभाग ने नगर पालिका को भेजी है। शहर के कई क्षेत्रों में दूषित पेयजल की सप्लाई से लोग परेशान हैं। वीआईपी कालोनी कोयलबाग में न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और सरकारी कर्मचारी रहते हैं। कालोनी में दीवानी न्यायालय के कई कर्मचारियों को भी आवास आवंटित हैं। इस कालोनी में दूषित पेयजल की सप्लाई से लोग परेशान थे। आलोक कुमार तिवारी, सत्येंद्र सिंह, मोहित त्रिपाठी, अरविंद पटेल, दिनेश कुमार यादव, अतुल कुमार, अवनीश दीक्षित, आशुतोष दीक्षित आदि कर्मचारियों ने नगर पालिका को 13 जुलाई को पत्र दिया था। इसमें दूषित और बदबूदार पानी सप्लाई होने की शिकायत की गई थी। इसी बीच एक न्यायिक अधिकारी ने भी प्रभारी ईओ नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग से बुधवार को शिकायत की। इसके बावजूद नगर पालिका हरकत में नहीं आई लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम हरकत में आ गई। कालोनी में सप्लाई होने वाले पानी के सैंपल की जांच कराई गई। एसीएमओ डा. समरूल हसन ने बताया कि पानी का नमूना ओटी निगेटिव पाया गया है। इसकी सूचना नगर पालिका को भेजी गई है।
क्या होता है ओटी टेस्ट निगेटिव
जिला अस्पताल के सीएमएस आर के मिश्रा ने बताया कि जब पाइप लाइन से सप्लाई होने वाले पानी में क्लोरीनेशन नहीं किया जाता है तो ओटी टेस्ट निगेटिव मिलता है। बताया कि दूषित पानी पीने से लोग डायरिया, पीलिया व टाइफाइड जैसी बीमारियाें की चपेट में आ जाते हैं। इस समय जिला अस्पताल में ऐसी बीमारियों से ग्रसित लोगों की संख्या बढ़ी है।
शहर में कहीं से भी दूषित पेयजल सप्लाई की शिकायत नहीं मिली है और न ही मुझे अभी तक कहीं पानी का नमूना फेल होने की शिकायत मिली है। - पप्पू गुप्ता, प्रभारी ईओ नगर पालिका