फोटो-28-सवायजपुर विद्युत उपकेंद्र पर ट्रांसफार्मर न लगाए जाने से नाराज ग्रामीण प्रदर्शन करते ह
सवायजपुर l तहसील मुख्यालय के विद्युत उपकेंद्र में एक माह के भीतर ग्रामीण क्षेत्र के तीन अवर अभियंताओं के तबादले कर दिए गए मगर क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का निदान नहीं हो सका। इस पर ग्रामीणों ने उपकेंद्र पहुंच कर विरोध प्रदर्शन किया।
चार जुलाई को अवर अभियंता सरफराज अहमद का तबादला विजिलेंस में कर दिया गया। इसके बाद मुकेश राय की तैनाती की गई। जितेंद्र सोमवंशी को चार्ज दिया गया। अब शाहाबाद से पंकज जायसवाल को अवर अभियंता (ग्रामीण) का चार्ज दिया गया। अवर अभियंताओं के तबादले के बावजूद क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं की समस्या का निदान नहीं हुआ।
सोमवार को मदारपुर मजरा चकौती खुर्द गांव के ग्रामीणों ने उपकेंद्र पहुंचकर प्रदर्शन किया। उपकेंद्र में कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिला। सियाराम, उमेश, अजीत, संजू, रामलखन, मिश्रीलाल आदि ने बताया कि 30 जुलाई को गांव का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। गांव के करीब 25 विद्युत उपभोक्ता पिछले पांच दिन से बिजली आपूर्ति ठप होने से परेशान हैं। भीषण गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों का हाल बेहाल है। उपकेंद्र पर कई बार शिकायत दर्ज कराई गई पर समस्या का निदान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।