हरदोई। ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) ने रिश्तेदारों से खरीदारी की और प्रधान ने पुत्रों से मजदूरी कराई। गांव के विकास और सामग्री आपूर्ति में प्रधान और वीडीओ ने सगे-संबंधियों के नाम पर बड़ी मात्रा में भुगतान निकाला है। भुगतान में ऐसी भी फर्मों के बिल-वाउचर लगाए गए हैं, जिनके क्रमांक बाद के और दिनांक पहले के दर्ज हैं। वित्तीय वर्ष 2020-21 से 2024-25 तक करीब 2,89,10,345 रुपये खर्च किए गए हैं।
पंचायतों में सगे-संबंधियों से सामग्री आपूर्ति और भुगतान न किए जाने के शासन के प्रतिबंध के बाद भी वीडीओ और प्रधान गड़बड़ी कर रहे हैं। विकास खंड शाहाबाद की ग्राम पंचायत शाहपुर नाऊ में 2020-21 से 2024-25 तक खर्च किए गए 2,89,10,345 रुपये में बड़ी गड़बड़ी की आशंका जाहिर की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में ग्राम पंचायत शाहपुर नाऊ में पंचायत सचिवालय में काम कराए जाने में वीडीओ रितू कुशवाहा ने अपने रिश्तेदार की फर्म भाटिया इंटरनेट कैफे के नाम से भुगतान निकाला है।
ऐसे ही प्रधान राजेश कुमार सिंह के पुत्र अभिनव प्रताप सिंह के नाम से मुख्य मार्ग से तालाब तक नाली निर्माण, जितेंद्र के मकान से आकाश के मकान तक इंटरलॉकिंग समेत अन्य इंटरलॉकिंग पर बतौर श्रमिक मजदूरी का भुगतान निकाला गया है। ग्राम पंचायत की प्रशासनिक मद में एक ही वर्क आईडी पर दो काम कराया जाना भी प्रदर्शित हो रहा है। पंचायत सचिवालय में शौचालय क्षतिग्रस्त है, जिसकी मरम्मत चार साल से नहीं कराई गई है।
ग्राम पंचायत शाहपुर नाऊ में गड़बड़ी की जानकारी है। अभी विस्तृत रूप से पूरी कार्य और भुगतान की मदवार गड़बड़ी की जानकारी ली जाएगी। ग्राम विकास अधिकारी दोषी हैं तो उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। प्रधान ने गड़बड़ी की होगी तो पंचायतीराज अधिनियम में डीपीआरओ के यहां से कार्रवाई तय की जाएगी। -कमलेश कुमार, डीडीओ