हरदोई। बृहस्पतिवार को सीडीओ ने सुमेरपुर गांव में चल रहे मनरेगा कार्यों का निरीक्षण किया। यहां आवश्यक अभिलेखों की जांच की। तो रजिस्टर व अभिलेख अधूरे मिले। इस पर सीडीओ ने सचिव व ग्राम रोजगार सेवक को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनके वेतन रोकने के निर्देश दिए।
मल्लावां विकास खंड की ग्राम पंचायत सुमेरपुर में मनरेगा के तहत का कार्य कराया जा रहा है। बृहस्पतिवार को मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना ने इन कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में मस्टर रोल के अनुसार कार्य करने वाले मजदूरों की संख्या 26 होनी थी, इसके सापेक्ष 22 मजदूर ही मौके पर काम करते मिले। अभिलेखों की जांच में उपलब्ध सात रजिस्टर अधूरे मिले।
इस पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए ग्राम पंचायत अधिकारी संजीव कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा रजिस्टर पूर्ण होने तक वेतन रोकने के निर्देश जिला पंचायतराज अधिकारी को दिए।
इसके साथ ही एक रोजगार सेवक शिशुपाल सिंह का मानदेय भी अभिलेख पूर्ण न होने पर रोकने के निर्देश मल्लावां के खंड विकास अधिकारी को दिए।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने मौजूद तकनीकी सहायक व खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि वह कार्य के पहले व समाप्त होने पर फोटो खींचकर सुरक्षित रखें।