माधौगंज। गैस रिफिलिंग के दौरान वैन की टंकी फटने से वैन आग का गोला बनकर धधकने लगी, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। कई घंटे तक आग धधकने के बाद खुद ही बुझ गई।
आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की कोई गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। जानकारी के मुताबिक थाने के तपनौर गांव निवासी प्रकाश पाल तपनौर चौराहे के निकट अपनी वैन में एलपीजी गैस की रिफिलिंग कर रहा था।
इसी बीच गैस रिसाव हुआ और वैन की टंकी ने आग पकड़ ली। आग की गर्मी से वैन की टंकी फट गई। तेज धमाके के साथ वैन आग के गोले में बदल गई।
इस हादसे से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग नहीं बुझा सके। काफी देर तक लोगों ने दमकल विभाग की टीम के पहुंचने का इंतजार किया, लेकिन टीम नहीं पहुंची।
कई घंटे आग धधकने के बाद खुद ही शांत हो गई। इस दौरान लोग दहशत में रहे। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।