हरदोई। कोटे की दुकानों से वितरित किए जा रहे निशुल्क अनाज के वितरण की समयसीमा बढ़ाकर 29 सितंबर तक कर दी गई है। पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्डधारक परिवार किसी भी कोटे की दुकान से अनाज उपलब्ध होने की दशा में प्राप्त कर सकेंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी दिलीप गुप्ता ने बताया कि खाद्य एवं रसद विभाग के आयुक्त का आदेश प्राप्त हो गया है। उन्होंने निशुल्क अनाज और अंत्योदय कार्डधारक परिवारों को सस्ती दर पर चीनी के वितरण की समयसीमा 25 सितंबर से बढ़ाकर 29 सितंबर कर दी है। इससे राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम में सितंबर माह के सापेक्ष आवंटित अनाज का वितरण अब 29 तक होगा।
वहीं बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण न हो पाने वाले कार्डधारकों को मोबाइल ओटीपी के माध्यम से अनाज प्राप्त कराया जाएगा। बताया कि उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि प्रतिदिन वितरण करेंगे। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्र में वितरण की निगरानी करेंगे। लापरवाही और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाए।