हरदोई। शहर के पुराने मोहल्लों में शुमार मोहल्ला आलू थोक का वार्ड नंबर 4 का विकास कार्य अभी प्रस्ताव की फाइलों में ही दबा हुआ है। विकास कार्याें पर करीब तीन करोड़ रुपये से निर्माण कार्य कराए जाने हैं, लेकिन कोई कार्य अभी धरातल पर नहीं उतरा। जिम्मेदारों की अनदेखी से मोहल्लेवासियों को कच्ची सड़कों पर टूटी नालियों, बहते गंदे पानी से होकर निकलना पड़ रहा है।
मोहल्ला आलू थोक का वार्ड नंबर 4 पुराने बसे मोहल्लों में से एक है। इसमें कृष्ण नगरिया, राम नगरिया और प्राचीन बाबा मंदिर का क्षेत्र भी आता है। 9000 की आबादी वाले मोहल्ले में लोगों को अभी तक विकास की दरकार है। प्राचीन बाबा मंदिर होने की वजह से सप्ताह में बुधवार और शुक्रवार को जिला सहित आसपास के जिलों के श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को टूटे खड़ंजे से ही होकर मंदिर तक जाना पड़ता है। उबड़-खाबड़ रास्ते की वजह से लोग चुटहिल होते हैं और बारिश में मार्ग तालाब बन जाता है। मार्ग का प्रस्ताव तैयार होने के बाद भी निर्माण शुरू नहीं हुआ। गलियों की नालियां टूटी होने से पानी सड़क पर भर जाता है।
दृश्य-1- सांडी रोड से बाबा मंदिर की ओर जाने वाली सड़क टूटी है, जबकि इसी सड़क से बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों का आवागमन भी होता है। सड़क टूटी होने की वजह से बारिश के दिनों में लोगों को भरे हुए पानी से निकलना पड़ता है। सड़क बनाने का प्रस्ताव तो बना हुआ है, लेकिन निर्माण अभी शुरू नहीं हुआ।
दृश्य-2- वार्ड के अंतर्गत प्रमुख सड़क पर बनी हुई नालियां भी कच्ची हैं। बारिश के दिनों में नालियों से पानी ओवरफ्लो होकर बाहर सड़क तक आ जाता है। इससे लोगों को गंदे पानी से निकलने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
-दीपक मिश्रा बताते हैं कि मार्ग टूटा होने की वजह से बारिश के दिनों में परेशानी होती है। सड़क किनारे कूड़ा भी पड़ा रहता है। गंदगी की वजह से मवेशी दिन भर मुंह मारते हैं। इनसे बीमारियों का खतरा रहता है।
-मोहल्ला निवासी धीरू ने कहा कि गंदगी की वजह से मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ा हुआ है। बीमारियों का डर हमेशा बना रहता है। मोहल्ले में नालियां कच्ची बनी हुई हैं। नालियां बनवाने के लिए कई बार बात भी की गई है, लेकिन अभी तक कोई काम नहीं हुआ।
-विनय अग्निहोत्री ने बताया कि कूड़ा सड़क पर ही डाला जाता है। मवेशी कूड़े काे पूरे रास्ते में फैला देते हैं। इससे निकलने में काफी परेशान भी होना पड़ता है। कच्ची नालियां और टूटी सड़कों से आने जाने में भी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं।
-राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि मोहल्ले में पेयजल की किल्लत है। एक टंकी बनना प्रस्तावित है, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। टंकी बन जाए तो लोगों को पेयजल की समस्या से निजात मिलेगी।
निर्माण कार्य के लिए हो चुका प्रस्ताव
हरदोई। सभासद अमित त्रिवेदी ने बताया कि मोहल्ले में कई विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनको लेकर टेंडर भी हो चुके हैं। आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल के प्रयासों से पानी की टंकी और दो करोड़ रुपये से एक पार्क प्रस्तावित है। इसमें बच्चों के लिए झूले और ओपन जिम भी बनाया जाएगा। वार्ड में एक स्कूल बनाया जा रहा है। श्मशान घाट का निर्माण, 15 लाख रुपये से दो सड़कों का निर्माण और 10 लाख रुपये नाला का निर्माण भी प्रस्तावित है। टेंडर प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। निर्माण कार्य जल्द ही शुरू करा कराया जाएगा।