हरदोई में बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार शाम शौच के लिए गई किशोरी को गांव निवासी जीजा-साले ने खेत में खींच लिया। दोनों ने किशोरी से दुष्कर्म किया। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के विरुद्ध दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी (14) मां के साथ रहती है। उसके पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं। शनिवार शाम किशोरी गांव के बाहर गन्ने के खेत में शौच के लिए गई थी। पड़ोस में रहने वाले अवधेश और उसके साले वीरू ने गन्ने के खेतों में खींच लिया। यहां दोनों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और धमकी देकर फरार हो गए।
किशोरी ने घर पहुंचकर अपनी मां को पूरी घटना बताई। रविवार को किशोरी की मां ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया है। बेहटा गोकुल के प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मी कांत मिश्र ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।