हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के बघौली प्रतापनगर मार्ग पर बाइक सवार फूफा भतीजा शुक्रवार शाम दूसरी बाइक से टकरा गए। घटना में गंभीर रूप से घायल फूफा को इलाज लिए लखनऊ ले जाया जा रहा था। रास्ते में ही उनकी मौत होगई। भतीजा मामूली रूप से घायल है। दूसरी बाइक पर सवार लोग मौके से भाग निकले।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के कीरतपुर कोड़ा निवासी कलक्टर (47) खेती करते थे। पिता सरदार ने बताया कि शनिवार दोपहर कलक्टर अपने साले के पुत्र बाघाडाडा निवासी अंकुल (20) के साथ बाइक से दवा लेने बघौली जा रहे थे। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के बघौली प्रतापनगर मार्ग पर अटरा पुल के पास सामने से आई बाइक से कलक्टर की बाइक टकरा गई। घटना में कलक्टर और अंकुल घायल हो गए। दोनों को सीएचसी कोथावां ले जाया गया। यहां अंकुल को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया जबकि कलक्टर को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज से कलक्टर को लखनऊ ले जाया जा रहा था लेकिन कछौना के पास उनकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले गए और इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमार्टम कराया। परिवार में पत्नी निर्मला और एक बेटी है। कछौना थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि परिजन की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।