पाली (हरदोई)। चार दिन पहले भरखनी के ब्लॉक संसाधन केंद्र में हुई चोरी का खुलासा पुलिस ने मंगलवार को कर दिया। घटना में शामिल दो चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
चार और चोरों की तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस को दो चोरों के पास से इनवर्टर, बैट्री के अलावा जेवर भी मिले हैं। पुलिस ने चार चोरियों का खुलासा किया है। पाली के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया कि गुरुवार रात भरखनी के ब्लॉक संसाधन केंद्र की लैब से इनवर्टर और बैट्री चोरी हुई थी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
केंद्र के सहायक सौरभ वाजपेयी ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सोमवार को कस्बे के बरगद तिराहा पर एक फल की दुकान के पास से मोहल्ला सरॉय सैफ निवासी प्रियांशू मिश्रा और भरखनी निवासी दुर्गेश उर्फ ओमवीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान इन लोगों ने बताया कि भरखनी निवासी गणेश, कन्हईया, विभू वाजपेयी और सोनल वाजपेयी के साथ मिलकर ब्लॉक संसाधन केंद्र से चोरी की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की। चोरी की कई अन्य वारदातें भी इन्होंने कबूल की हैं।
इनके पास से इनवर्टर, दो बैट्री, तीन पायल, पांच खड़ुआ, दो बिछिआ, सोने की तीन चेन, चार अंगूठी, तीन जोड़ी बच्चों वाली पायल और आठ हजार तीस रुपये बरामद हुए हैं।
इन लोगों ने 18 जनवरी को इनायतपुर में, 11 फरवरी को रूपापुर चौकी के पास ज्वैलरी शॉप से और 12 जनवरी को शाहाबाद के मोहल्ला होली कला के एक मकान से चोरी की बात भी कबूल की है।