हरदोई। कछौना कोतवाली क्षेत्र के बेरुआ गांव में सोमवार शाम दो लोग युवक को गंभीर हालत में उसके घर छोड़ गए। हालत ज्यादा बिगड़ने पर कोथावां सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
बेरुआ निवासी गुरुदीन (45) गांव निवासी मनोज मराठा के यहां काम करते थे। पुश्तैनी रूप से हरियाणा के करनाल जनपद के कतलेड़ी निवासी मनोज की कछौना में बोरिंग और पंपिंग सेट की दुकान है। गुरुदीन मनोज की पिकअप चलाने से लेकर दुकान से संबंधित कई काम संभालते थे। गुरुदीन के चचेरे भाई मंजेश के मुताबिक, सोमवार सुबह गुरुदीन काम पर गए थे।
शाम को छह बजे मनोज के यहां काम करने वाले दो लोग बाइक से गुरुदीन को घर छोड़ गए। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। कुछ देर में उनकी ज्यादा तबीयत बिगड़ गई। मेडिकल कॉलेज में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मंजेश ने मौत के हालात पर संदेह जताते हुए जांच की मांग की। मृतक के परिवार में पत्नी ममता, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
फोटो-16- गुरुदीन। स्रोत: परिजन