अलग अलग थाना क्षेत्रोें में सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि होमगार्ड समेत दस लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया।
हरियावां थाना क्षेत्र में पुल के निर्माण में लगी जेसीबी हाईड्रा मशीन पलट गई। जेसीबी के नीचे दबकर एक मजदूर की मौत हो गई और अन्य पांच घायल हो गए। भैसटा नदी पर पुल बन रहा है। सोमवार शाम छह मजदूर जेसीबी हाइड्रा मशीन लेकर चिराई झाला से उतरा जा रहे थे। रास्ते में अहमदी गांव के पास मशीन पलट गई। इससे मशीन के नीचे दबकर 18 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई और अन्य पांच घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंचा ठेकेदार घायल मजदूरों को लेकर भाग गया । मजदूर के शव को ग्रामीणाें ने नहीं ले जाने दिया। सूचना पर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी। इसी तरह सुरसा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे ठेला लगाए अधेड़ को पिकप टक्कर मार दी। अधेड़ की अस्पताल में मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सुरसा थाना क्षेत्र के बनटाना निवासी राज कुमार (45) पुत्र बुद्धा ठेला लगाकर परिवार का भरण पोषण करता था। सोमवार को वह गांव के पास ही सड़क पर मूंगफली का ठेला लगाए था।
शाम को तेज रफ्तार पिकप ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल आए। जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पिकप चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया। मृतक के चचेरे भाई राम किशन ने बताया कि उसके पांच पुत्री और दो पुत्र है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ललुआमऊ निवासी महिपाल (45) पुत्र राम सिंह और जोधनपुर निवासी महेश (45) पुत्र सुखनदेव होमगार्ड के पद पर तैनात है।
रविवार को वह भरावन से मतगणना ड्यूटी कर वापस बाइक से घर जा रहे थे। कछौना- संडीला के बीच पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पीछे साथी होमगार्ड राम प्रताप व अनिल कुमार भी आ रहे थे। दोनों को घायल पड़ा देख साथियों ने एंबुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल भिजवाया। इधर, सड़क हादसे में रामवीर (21) पुत्र बृद्धि सिंह निवासी मोहरमा पटवाई जनपद रामपुर और नीरज (27) पुत्र जयपाल निवासी बंटीखेड़ा थाना बाबरी संभल घायल हो गए। उधर, बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर निवासी मयंक शुक्ला (25) पुत्र दिनेश ट्रैक्टर लेकर खेत पर जा रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर पलट गया। इससे वह उसकी चपेट में आकर घायल हो गए। उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।