हरदोई। रेलवे ने कोरोना काल में बंद की गई डुप्लीकेट पंजाब मेल और दो अन्य पैसेंजर ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू नहीं किया है। साथ ही किसी रनथ्रू ट्रेन का संचालन भी नहीं किया। विशेष रूप से मध्यम वर्ग और दैनिक यात्रियों के लिए पैसेंजर ट्रेनों का संचालन न होने से यात्रियों को आवाजाही में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
कोरोना काल में सभी ट्रेनों के पहियों पर ब्रेक लगा दिया गया था। स्थितियां सामान्य होने पर ट्रेनों का दोबारा संचालन हुआ लेकिन कुछ ट्रेनों को हमेशा के लिए बंद कर दिया गया। इनमें से अमृतसर से हावड़ा के बीच चलने वाली 13049-50 डुप्लीकेट पंजाब मेल समेत सहारनपुर से लखनऊ और बरेली से प्रयागराज के बीच पैसेंजर ट्रेन को बंद कर दिया गया। विभागीय जानकारी के मुताबिक पंजाब मेल और डुप्लीकेट पंजाब मेल के बीच समय का अंतर बेहद कम होने के कारण डुप्लीकेट पंजाब मेल को गैर-जरूरी मानते हुए समय-सारिणी से हटा दिया गया। इससे अब मुख्य पंजाब मेल ट्रेन 13005-06 पर दबाव काफी बढ़ गया है। यात्रियों को कंफर्म टिकट मिल पाना मुश्किल हो गया है।
डुप्लीकेट पंजाब मेल कई ऐसे छोटे स्टेशनों पर रुकती थी जहां एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं था। उन क्षेत्रों के यात्रियों को सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है जो महंगा और समय लेने वाला है। पैसेंजर ट्रेनों के भी बंद होने से व्यापारी वर्ग और दैनिक मजदूरों के काम-धंधे पर सीधा असर पड़ा है। यात्री संगठनों ने रेलवे को पत्र लिखकर इन ट्रेनों को बहाल करने की मांग की है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि केवल उन्हीं ट्रेनों को प्राथमिकता दी जा रही है जिनकी उपयोगिता अधिक है।