मल्लावां। फार्मासिस्ट की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। बृहस्पतिवार को दोनों आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। हत्या के मामले में पुलिस ने अब तक चार लोगों को जेल भेजा है।
रविवार से लापता फार्मासिस्ट का शव मंगलवार रात उसके ही दो दोस्तों की निशानदेही पर हरदोई-उन्नाव मार्ग पर स्थित एक आश्रम के पास से यूकेलिप्टस के बाग से पुलिस ने बरामद किया था। अटवारा चकोला के मजरा गुलबहा निवासी फार्मासिस्ट विनोद कुमार (27) की दो गोली मारकर हत्या कर शव को छिपा दिया गया था। खाने-पीने के दौरान हुए विवाद में हत्या की गई थी। आरोपियों ने मृतक के विरोधियों को फंसाने के लिए मोबाइल से फिरौती के संदेश भी भेजे थे।
विनोद रविवार सुबह उन्नाव के गंजमुरादाबाद क्लीनिक पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन क्लीनिक नहीं पहुंचा। शाम करीब छह बजे विनोद के मोबाइल से उसके भाई विनय के मोबाइल पर संदेश आया था। इसमें लिखा था कि चार लोगों ने मिलकर गोली मार दी है। मुझे बचा लो। देर रात ही विनय ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने इस मामले में हत्या में शामिल रहे रामरतन पुत्र सकटे, अजय पुत्र कल्लू को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि बुधवार को विनोद के दोस्त विशाल उर्फ भाईजी और गांव के ही अंकित को जेल भेजा जा चुका है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।