नुमाइश चौराहे पर शुक्रवार को हटाए जा रहे अतिक्रमण
ने दुकानदारों के साथ बिजली उपभोक्ताओं को भी परेशान कर दिया। अतिक्रमण
अभियान के दौरान विद्युत आपूर्ति को बंद करवा दिया गया। जिससे सिटी
उपकेंद्र सहित चार उपकेंद्रों की बिजली गुल रही। ऐसे में घरों में काम काज
सहित अन्य कार्यों पर भी असर पड़ा।
अभियान दस्ते के आगे जाने के बाद दो
घंटे बाद ही बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। फुटपाथों से अतिक्रमण को हटाने
के लिए शहर में इन दिनों अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को नुमाइश
चौराहे पर अभियान चलाया गया, जिसमें दुकानदारों की दुकानें तक तोड़ी गईं।
अतिक्रमण हटाने में बुलडोजर का सहारा लिया गया।
ऐसे में नुमाइश चौराहे से
निकली 33 केवीए विद्युत लाइनों के चपेट में आने का खतरा उत्पन्न हो गया,
जिस पर नगर मजिस्ट्रेट लक्ष्मी शंकर सिंह ने हादसे की संभावना को देखते हुए
मन्नापुरवा उपकेंद्र से सिटी उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति बंद करवा दी।
चूंकि
सिटी उपकेंद्र से ही कोयल बाग कालोनी उपकेंद्र, चरौली उपकेंद्र और आशा नगर
उपकेंद्र को आपूर्ति सुचारु होती है, ऐसे में उक्त तीन उपकेंद्रों की भी
बिजली आपूर्ति बंद हो गई, जिससे आधे शहर की विद्युत आपूर्ति दोपहर के 12
बजे से दो घंटे के लिए बंद रही।
सवा दो बजे दोबारा आपूर्ति सुचारु हुई।
बिजली न होने की वजह से घरों में काम काज प्रभावित होने के साथ ही दुकानों
पर भी बिजली संचालित कार्य ठप रहा।