हरदोई। मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ समेत दो की मौत हो गई। मुसाफिरों की सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
देहात कोतवाली के सेवा गांव निवासी रतीराम (25) सोमवार की रात दिल्ली रेलवे स्टेशन से हरदोई के लिए जनता एक्सप्रेस पर सवार हुआ था। सुबह लगभग पौने छह बजे कौंढ़ा रेलवे स्टेशन के पास कोच से नीचे गिर गया। जीआरपी ने उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
बड़े भाई अभिमन्यु ने बताया कि रतीराम दिल्ली की एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। 24 अप्रैल को बंसरा गांव निवासी महेश की पुत्री प्रतिभा के साथ उसकी शादी हुई थी। वह तीन भाइयों में छोटा था। एक अन्य घटना में बघौली रेलवे स्टेशन के पहाड़पुर क्रासिंग के पास रेलवे ट्रैक के किनारे अधेड़ का शव मिला। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए पोस्टमार्टम घर में रखवाया है।