हरदोई। नेता विधानमंडल दल भाजपा एवं विधायक सुरेश कुमार खन्ना के नियम 51 के तहत उठाए गए हरदोई में शिक्षकों को आवंटित स्कूलों में 300 संसोधन/परिवर्तन के मामले पर मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक ने रिपोर्ट तलब की है। इससे विभाग में अफरातफरी मची है।
जेब गरम अफसर नरम की तर्ज पर जिले में तबादलों एवं नियुक्तियों के साथ प्रमोशन में पिछले समय में हुए खेल की गूंज विधानसभा तक होने लगी है। जिससे मामले में कार्रवाई होने का भय लोगों को सता है। सूत्रों के अनुसार नेता विधानमंडल दल भाजपा एवं एमएलसी सुरेश कुमार खन्ना ने विधानसभा नियम 51 के तहत प्रश्न उठाकर हरदोई में शासनादेशों की खुली अवहेलना किए जाने की बात कही है।
कहा है कि शिक्षकों की नियुक्तियों के बाद रोस्टर के अनुसार आवंटित विद्यालयों में एक साल तक संशोधन अनुमन्य न होने के बाद भी आवंटित स्कूलों में 300 का संशोधन एक माह के भीतर कर दिया गया। उन्होंने लखीमपुर में भी अनियमितताएं किए जाने की बात कही। कहा कि शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों की तैनाती में, पदोन्नति में, ट्रांसफर पोस्टिंग में खुले आम शासनादेशों की अवहेलना की गई। मामले को लेकर बीएसए से जेडी ने रिपोर्ट तलब की है।
इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. मसीहज्जुमा सिद्दीकी ने कहा कि वे इस ओर जानकारी करने के बाद आवश्यक कार्रवाई करेंगे। अगर कहीं शासनादेश के विपरीत कार्य हुआ है तो जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
विधायक के प्रश्न पर तीन माह बाद जांच
भाजपा के विधानमंडल दल नेता सुरेश कुमार खन्ना ने बेसिक शिक्षा विभाग में शासनादेशों का उलंघन किए जाने आदि के संबंध में 6 मार्च 2016 को प्रश्न उठाया था। उस समय जिले में तैनात रहे अधिकारी तो तबादले पर चले गए और नए अधिकारी को आए भी एक माह हो गया और अब लगभग तीन माह बाद इस मामले पर जेडी स्तर से रिपोर्ट तलब की गई है।