टोडरपुर (हरदोई)। गर्मी से अकुलाकर तालाब में नहा रहे दो बच्चे गहरे पानी में जाने से डूब गए। घटना का पता तब चला जब कुछ ग्रामीणों ने इनके शव उतराते देखे। सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया। डूबने वाला एक बालक परिवार का इकलौता चिराग था। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक छाया है।
मंझिला थाना क्षेत्र के गांव सरायरानक मजरा रसूलपुर निवासी राम प्रताप का इकलौता पुत्र आदेश (10) और नरवीर की पुत्री चांदनी (8) गांव के कुछ बच्चों के साथ सोमवार सुबह 10 बजे खेतों पर गेंहू की बालियां बीनने निकले थे। इस दौरान आदेश और चांदनी ने पहले तालाब के पास लगे हैंडपंप से पानी पिया, फिर गर्मी भगाने की बात कहकर तालाब में नहाने लगे। उन्हें नहाते देख बाकी बच्चे घर लौट गए। इधर गहरे पानी में जाने से दोनों बच्चे डूब गए।
दोपहर में गांव के लोग जानवरों को पानी पिलाने के लिए तालाब पर ले गए तो दोनों बच्चों के शव उतराते देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना पर परिजन और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों के शव बाहर निकाले। सूचना के बाद भी थाना पुलिस और तहसील कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे तो दोनों के परिजनों ने बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया। ग्राम प्रधान मुन्नी देवी ने बताया कि दोनों बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हुई है।