संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। चिकित्सा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण के संचालित कार्यक्रमों और गतिविधियों की हकीकत जानने के लिए जिले में 20 टीमों ने डेरा डाल दिया है। दो सदस्यों की एक-एक टीम ने जिले के सभी ब्लॉकों और शहर के स्वास्थ्य केंद्र पर सुविधाओं की जानकारी ली। जिले में बरेली मंडल से आई टीमों ने स्थलीय निरीक्षण शुरू कर दिया है और टीमें रविवार तक जिले में ही रहेंगी। जिले में बरेली मंडल से 40 स्वास्थ्य अधिकारियों ने निरीक्षण शुरू कर दिया है। टीम ने सीएचसी और पीएचसी के अतिरिक्त आयुष्मान केंद्रों का निरीक्षण सुविधाओं का आंकलन किया। बिलग्राम के छिबरामऊ आयुष्मान केंद्र पर पहुंचे टीम में डिप्टी सीएमओ डॉ. जफर सैफी और चिकित्सा अधिकारी सर्वेश कुमारी ने जानकारी एकत्रित की। इस दौरान टीम ने लाभार्थियों से भी बुलाकर उनसे पूछताछ की है।
बदायूं भेजे गए जिले के स्वास्थ्य अधिकारी
स्वास्थ्य सेवाओं का स्थलीय सत्यापन लखनऊ, बरेली और कानपुर मंडल में हो रहा है। बरेली मंडल की टीम जिले में आई है तो बरेली के अलग अलग जनपदों में लखनऊ मंडल की टीम गई है। लखनऊ मंडल की टीम में जिले से भी 10 स्वास्थ्य अधिकारियों को चिह्नित कर बदायूं भेजा गया है। डिप्टी सीएमओ डॉ. मनोज कुमार सिंह और डॉ. अरविंद कुमार के साथ अन्य स्वास्थ्य अधिकारी स्थलीय सत्यापन के लिए गए हैं।