फोटो-01- कैनाल रोड पर सुबह छाई धुंध में जाते वाहन। संवाद
हरदाेई। सर्दी का असर दिनों दिन बढ़ रहा है। जिले भर में बुधवार रात से लेकर बृहस्पतिवार सुबह 12 बजे तक कोहरा छाया रहा। इसके चलते दृश्यता काफी कम रही। वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा और हादसे की आशंका बनी रही। कड़ाके की सर्दी व कोहरे के बीच जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित रहा। अवकाश होने के कारण लोग घरों में दुबके रहे और बाजार में भी अधिक भीड़ नहीं रही।
बुधवार रात से बृहस्पतिवार सुबह तक सड़क पर कोहरा छाया रहा। शहर में तो कोहरे का अधिक प्रभाव नहीं दिखा लेकिन शहर से बाहर दृश्यता काफी कम रही। सड़क पर सिर्फ 20 से 30 मीटर की दृश्यता के चलते वाहन चालक काफी परेशान रहे। दोपहर के समय हल्की धूप खिली तो सर्दी से कुछ राहत मिली लेकिन गलन बढ़ गई। वहीं, शाम पांच बजते ही फिर कोहरा होने से सर्दी शुरू हो गई।
मौसम वेधशाला प्रेक्षक आरसी वर्मा ने बताया कि अधिकतम तापमान में डेढ़ डिग्री की कमी होकर 16 डिग्री सेल्सियस पर रहा और न्यूनतम ढाई डिग्री कम होकर सात डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। सर्दी से बचने के लिए कुछ स्थानों पर लोग अलाव का सहारा भी लेते दिखे लेकिन सब बेअसर रहा।
फोटो-01- कैनाल रोड पर सुबह छाई धुंध में जाते वाहन। संवाद