ऊंचाथोक मोहल्ले में पहुंची शिक्षिकाओं की टोली
- फोटो : अमर उजाला
जिले में पानी की समस्या को देखते हुए जल नहीं तो कल नहीं...की हकीकत लोगों को समझाने के लिए परिषदीय स्कूल के शिक्षकों की एक टोली शहर में घूम रही हैं। टोली में शामिल शिक्षक शिक्षिकाएं घर-घर जाकर लोगों को पर्चे देकर पानी का महत्व समझा रहे हैं।
इसके अलावा खुद के पैसों से राहगीरों के लिए प्याऊ भी लगवाए जा रहे हैं। शिक्षक यह काम किसी सरकारी आदेश से नहीं बल्कि स्वेच्छा से कर रहे हैं। जागरूकता के लिए शिक्षकों ने जल संरक्षण अभियान संगठन बनाया है। यह अभियान गर्मी की छुट्टियों भर चलेगा।
जिले के लोगों को पानी की कीमत बताने व इसके संरक्षण के लिए परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक शिक्षिकाओं ने अभियान शुरू किया है। तीन दर्जन से अधिक शिक्षक शिक्षिकाओं ने इसके लिए ग्रुप बनाया है। इसे जल संरक्षण अभियान नाम दिया गया है। इसके तहत ग्रीष्म कालीन छुट्टियां होते ही इन शिक्षक शिक्षिकाओं की टोली शहर के मोहल्लों में लोगों को जागरूक करने लगी है।
अभियान के प्रमुख कार्यकर्ताओं में शामिल श्याम जी गुप्ता व अमित शुक्ला ने बताया कि पूरी छुट्टियाें भर लोगों को जागरूक किया जाएगा। शहर के उन सभी मोहल्लों में जागरूक करने पहुंचेंगे, जहां पानी की समस्या है।