फोटो-12-दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस। संवाद
- फोटो : HARDOI
कटरा-बिल्हौर मार्ग पर मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में बाइक सवार बचाने के प्रयास में गेहूं भरी बोरियों से भरा ट्रक पिकअप पर पलट गया। घटना में चालक समेत दो लोग घायल हो गए।
उधर, जेसीबी की मदद से लगभग डेढ़ घंटे बाद दोनों को बाहर निकाल कर सीएचसी में भर्ती कराया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के दौरान आवागमन भी प्रभावित हुआ।
बुधवार की रात बांगरमऊ से एक ट्रक गेहूं भरी बोरियां लादकर उत्तराखंड गेहूं जा रहा था। कटरा-बिल्हौर मार्ग पर मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात लगभग 11 बजे कस्बे में ही स्थित एक गेस्ट हाउस के निकट सामने आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित हो गया और विपरीत दिशा से आई पिकअप पर पलट गया।
घटना में पिकअप चालक दिलीप कुमार (30) निवासी बरहौआ और ऋषिपाल (30) पुत्र गंगाराम निवासी तेंदुआ ट्रक और गेहूं की बोरियों के बीच दब गए। गेस्ट हाउस में मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और दबे लोगों को निकालने की कोशिश करने लगे।
मौके पर आई पुलिस ने चार जेसीबी की मदद से लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दिलीप और ऋषिपाल को निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां भेजा। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है।
घटना की जानकारी पर क्षेत्रीय विधायक आशीष सिंह आशू भी घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए की गई मशक्कत के दौरान बिल्हौर-कटरा मार्ग का आवागमन भी प्रभावित हुआ।