पिहानी (हरदोई)। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जहानीखेड़ा के निकट ट्रक पलटने से लगभग साढ़े पांच घंटे तक जाम लगा रहा। बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन जाम में फंस गए। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से ट्रक हटवाकर जाम खुलवाया गया।
सोमवार सुबह लगभग 11 बजे लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोमती पुल के निकट ट्रक पलट गया। रोड खराब होने के कारण यहां पर सड़क की एक ही लेन से आवागमन चल रहा था। ट्रक पलटने से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। जहानीखेड़ा चौकी पुलिस और लखीमपुर खीरी जनपद के मैगलगंज थाने की पुलिस ने मिलकर ट्रक हटवाने की कवायद शुरू की। शाम लगभग साढ़े चार बजे जाम खुलवाया जा सका। कई किलोमीटर लंबे जाम में फंस कर वाहन चालक परेशान रहे।