माधौगंज। माधौगंज थाना क्षेत्र के बिल्हौर-कटरा मार्ग पर रेलवे क्रासिंग के निकट ट्रक ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। बाइक सवार हेेलमेट नहीं लगाए था। घटना की जानकारी से परिजनों में कोहराम मच गया।
माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रूदामऊ निवासी अखिलेश (23) पुत्र खुमान लुधियाना में मजदूरी करता था। लॉकडाउन के दौरान वह वापस गांव आ गया था। तब से गांव में ही रह रहा था। बुधवार की शाम वह बाइक से गांव निवासी उमेश (22) पुत्र बुद्धा राठौर के साथ माधौगंज जा रहा था। बिल्हौर-कटरा मार्ग पर माधौगंज रेलवे क्रासिंग के निकट पीछे से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। अखिलेश हेलमेट नहीं लगाए था। सिर पर गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उमेश को सीएचसी माधौगंज में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक को पकड़ लिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर अखिलेश की मां भगौता बिलखते हुए घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने जैसे तैसे उसे मौके से हटाकर सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी की मोर्चरी में अखिलेश का शव रखवाया गया है। अखिलेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी शादी भी हुई थी, लेकिन पत्नी से अलगाव हो गया था। माधौगंज थानाध्यक्ष राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि घटना संज्ञान में है।