हरदोई। नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले 20 हजार रुपये के इनामी और उसके दो साथियों को देहात कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों का मेडिकल कराने के बाद जेल भेज दिया है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला आशानगर निवासी मानवेंद्र प्रताप सिंह नेे देहात कोतवाली में मार्च 2018 में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि लखनऊ के गोमती नगर विस्तार थाना क्षेत्र के सी-9/22 सुलभ आवास योजना निवासी हेमंत तिवारी पुत्र मोहन तिवारी ने सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे दो लाख रुपये हड़प लिए। हेमंत ने कुछ अभिलेख और ज्वाइनिंग लेटर भी दिए थे, जो कि फर्जी निकले। पुलिस विवेचना में हेमंत के दो और साथियों सुलभ आवास योजना संख्या ए-6 निवासी रवीश पुत्र प्रेम चंद्र और प्रतापगढ़ के जेठवारा थाना क्षेत्र के कटरा गुलाब सिंह निवासी प्रकाश कौशल पुत्र करमचंद के भी साजिश में शामिल होने का पता चला। इसके बाद पुलिस ने हेमंत तिवारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। देहात कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजीव शर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों को देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पिहानी चुंगी के निकट से बुधवार सुबह लगभग 11 बजे गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया है।