अंबाला से लखनऊ के लिए एक कंपनी के पोषक पेय पदार्थ
के पैकेट लाद कर आए दो ट्रकों में एक ट्रक के ड्राइवर व क्लीनर को बांधकर
लुटेरे लाखों का माल लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कीमत करीब 11 लाख
रुपये बताई जा रही है।
जिस समय घटना को अंजाम दिया गया, उस समय घना
कोहरा था और दोनों ट्रक चालकों ने ट्रकाें को पुरानी तहसील के पास खडे़ कर
अंदर से सो रहे थे। रात में लुटेरे एक ट्रक की खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर
घुसे और चालक पूरन व क्लीनर कुंवर सेन को मारपीट कर हाथ पैर बांध दिए और
चालक से ट्रक की चाभी लेकर हरदोई रोड पर सुनसान स्थान पर ले गए।
ट्रक में
रखे हार्लिक्स के 227 पैैकेट उतार कर चालक से आठ हजार रुपये की नगदी और
मोबाइल लेकर फरार हो गए। लुटेराें के जाने के बाद चालक व क्लीनर ने अपने को
बंधन मुक्त कर दूसरे ट्रक चालक को घटना की जानकारी दी। उसके बाद ट्रक
चालक ने पास में ही पुलिस बूथ पर घटना सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर
पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की। अभी पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को संदिग्ध
मान रही है।
पुलिस ने ट्रक के चालक से लूटपाट की तहरीर ले ली है। कोतवाल
डीपी सिंह का कहना है उन्हें घटना में संदेहास्पद लग रही, क्योंकि तहसील के
सामने पास में ही पेट्रोल पंप है और पास ही बस स्टैंड पर पुलिस चौकी है।
ऐसे में लुटेरे ट्रक को ले जाने का साहस नहीं कर सकते। अभी दोनों ट्रक मौके
पर ही खडे़ हैं।