शहर कोतवाली क्षेत्र में रेलवे गंज क्षेत्र में एक 28
वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर
पहुंची और शिनाख्त कराने का प्रयास किया, पर शिनाख्त नहीं हो सकी। उधर, दो दुर्घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई, जबकि आठ घायल होे
गए, जबकि टड़ियावां क्षेत्र में वृद्धा की सदमे से मौत हो गई।
शहर कोतवाली
क्षेत्र के रेलवे गंज में गल्ला मंडी के पास शुक्रवार की देर रात एक 28
वर्षीय अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी होने पर रेलवे
गंज चौकी प्रभारी विनय मिश्रा मौके पर पहुंचे और शव की जामा तलाशी ली, मगर
उसके पास उसकी शिनाख्त के लिए कोई प्रमाण नहीं मिला। वह एक जैकेट पहने हुए
था। शव की शिनाख्त न होने पर
पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया।
इस बाबत चौकी प्रभारी
विनय मिश्र ने बताया कि शायद शराब के नशे में गिरने से उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उधर, संडीला
क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई, जबकि
आठ लोग गंभीर रूप से घायल होे गए।
कसबे के मोहल्ला
किसान टोला निवासी रजी अहमद अपनी पत्नी अलीमुन व अन्य परिवारीजन के साथ
बीती रात को लखनऊ से कार से संडीला आ रहे थे। तभी रास्ते मे रहिमाबाद के
पास मुसिफखेड़ा गांव के सामने उनकी कार सड़क के किनारे खड़ी ट्रैक्टर
ट्राली को बचाने के चक्कर में पलट गई, जिससे कार में सवार रजी अहमद की
पत्नी अलीमुन (45) की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके अलावा कार में सवार
आलम (22), शहरीन (45), शहरूद्दीन, नौजिया और रुखशाना घायल हो गए सभी घायलों
को सीएचसी लाया गया, जिनमें से आलम व रुखशाना की हालत गंभीर होने के कारण
उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। इसी प्रकार कोतवाली क्षेत्र के
तिलोइयां गांव निवासी सुएब अपनी पत्नी के साथ शनिवार की सुबी अपनी बाइक से
संडीला आ रहे थे।
तभी लखनऊ रोड पर अली पेट्रोल पंप के सामने संडीला से
लखनऊ की तरफ जा रही पिकअप से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे दोनों पति-पत्नी
गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां से
दोनों को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
उधर, टड़ियावां क्षेत्र में
इंद्रा आवास का पैसा ग्राम प्रधान द्वारा न देने पर ग्राम सखेला मजरा रावल
निवासी रामकली (75) पत्नी राम सहाय की शुक्रवार की देर शाम मौत हो गई।
रामकली के पुत्र बेचे लाल ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी
मां को इंदिरा आवास आवंटित हुआ था।
जिसकी पहली किश्त का पैसा निकालने को
प्रधान का पुत्र, उसकी पत्नी और गांव के व्यक्ति को लेकर सेंट्रल बैंक की
शाखा ले गए थे। जहां से बैंक से पैसा निकाल लिया और सारा पैसा ग्राम प्रधान
ने अपने पास रख लिया। उसकी मां कई बार पैसा मांगने गए, पर प्रधान ने नहीं
दिए।
आरोप लगाया कि उसी सदमे से उसकी मां की मौत हो गई। इस बाबत प्रधान
का कहना है कि पैसा भट्ठे पर जमा है। वहीं एसओ रनवीर सिंह ने बताया कि उनको
कोई तहरीर नहीं मिली है। वृद्धा की मौत ठंड से हुई है। मामले की जांच की
जाएगी। वहीं परिजन अभी भी मृतका का शव घर में रख कार्रवाई का इंतजार कर रहे
हैं।