संडीला। बाइक सवार दंपती को दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। इस दौरान सड़क पर गिरे पति पत्नी को कोल्ड्रिंक लदे ट्रक ने कुचल दिया। घटना में पति की मौत हो गई। पत्नी को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है। घटना रविवार रात संडीला - बांगरमऊ मार्ग पर हुई है।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के हरदलमऊ निवासी मुईद (50) जरदोजी का काम करते थे। उनकी ससुराल लखनऊ जनपद के काकोरी में है। रविवार को पत्नी सना (45) के साथ ससुराल गए थे। मुईद के भतीजे आकिब अहमद के मुताबिक, रविवार रात बाइक से दंपती वापस आ रहे थे। संडीला बांगरमऊ मार्ग पर हरदलमऊ गांव के पास बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। घटना में बाइक सवार दंपती सड़क पर गिर गए। इसी दौरान संडीला की तरफ से आ रहे कोल्ड्रिंक लदे ट्रक ने मुईद को कुचल दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पत्नी सना गंभीर रूप से घायल हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने सना को सीएचसी संडीला भेजा। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। मृतक के कोई संतान नहीं है। थानाध्यक्ष कासिमपुर घनश्याम राम ने बताया कि ट्रक पुलिस के कब्जे में है। चालक को भी हिरासत में ले लिया है। परिजनों से तहरीर लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।