हरदोई। लखनऊ रोड पर मन्नापुरवा के पास किसी ट्रक ने 33 केवी लाइन के खंभे में टक्कर मार दी। इससे खंभा टूट गया। इस कारण शहर के सांडी रोड और गुरगुज्जा विद्युत उपकेंद्र के साथ ही मन्नापुरवा उपकेंद्र के टाउन प्रथम फीडर की आपूर्ति भी बाधित हो गई। रात में खंभा बदला गया। लगभग साढ़े पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
रात में नौ बजे नो इंट्री खुलती है। इसके बाद भारी वाहन रफ़्तार भरते हुए निकलते हैं। ऐसे ही वाहनों की आपसी होड़ में किसी ट्रक ने शुक्रवार रात 10:15 बजे 33 केवी लाइन के बिजली के खंभे में टक्कर मार दी। बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त होने से 33 केवी लाइन भी टूट गई। इससे गुरगुज्जा और सांडी रोड उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति गुल हो गई। दोनों उपकेंद्रों से संबंधित करीब साढ़े 18 हजार उपभोक्ताओं की करीब 40 हजार आबादी को रात भर अंधेरे में रहना पड़ा। मन्नापुरवा उपकेंद्र के टाउन प्रथम फीडर की भी बिजली चली गई।
बिजली का खंभा टूटने की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों ने रात में ही नया खंभा लगाया और विद्युत लाइन बिछा दी। कर्मचारियों की रात भर की कोशिश से आधे शहर को तड़के साढ़े तीन बजे बिजली आपूर्ति मिल सकी। अधिशासी अभियंता प्रेम प्रकाश ने बताया कि बिजली का खंभा टूट गया था लेकिन विद्युत कर्मियों ने रात में ही आपूर्ति सुचारू करा दी।