फोटो-31- शाहजहांपुर रोड पर पिहानी चुंगी तक लगा वाहनोंं का काफिला। स्रोत: राहगीर
हरदोई। भाई दूज पर शहर के लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। शहर के ज्यादातर चौराहों और चुंगियों पर जाम की स्थिति बनी रही। पिहानी चुंगी पर तो शाम तीन बजे लगभग आधा किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस कारण एक घंटे लोग यहां फंसे रहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को व्यवस्थित कराने के बाद यातायात सामान्य कराया।
त्योहार पर शहर में यातायात की व्यवस्था दिवाली तक तो बेहतर रही लेकिन बृहस्पतिवार को भाई दूज के दिन सारी व्यवस्थाएं ध्वस्त हो गईं। दोपहर बाद शहर की तमाम सड़कों पर लोगों की भारी भीड़ नजर आई। इस कारण जाम की समस्या से लोगों काे दो-चार होना पड़ा। अटल (नुमाइश) चौराहा, सिनेमा चौराहा, सांडी रोड, बावन चुंगी, लखनऊ चुंगी, बिलग्राम चुंगी और पिहानी चुंगी पर शहर के अंदर व आने वाले वाहनों की वजह से लोगों को निकलने में दिक्कतें उठानी पड़ीं।
उधर, पिहानी चुंगी पर शहर के अंदर आने वाले वाहनों का लंबा काफिला नजर आया। पिहानी चुंगी के पास रद्देपुरवा रोड से आने वाले वाहन और लोगों की वजह से वाहन निकल नहीं पाते हैं। इसी वजह से दोपहर तीन बजे पिहानी चुंगी से शाहजहांपुर रोड पर आधा किमी. तक वाहन फंसे रहे। यातायात कर्मियों को भी जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। यातायात प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि त्योहार के चलते भीड़ बढ़ी है। इसी वजह से जाम लग रहा है।